लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान सभा की सात सीटों पर तीन नवंबर को होने वाले उपचुनाव (UP Assembly By-Election 2020) के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने छह सीटों पर अपने उम्मीदवार (Candidate) घोषित कर दिए हैं। इनमें दिवंगत विधायक चेतन चौहान (Chetan Chauhan) की पत्नी संगीता चौहान को नौगांव सादात और बुलंदशहर सदर सीट पर दिवंगत विधायक वीरेंद्र सिंह सिरोही (Virendra Singh Sirohi) की पत्नी ऊषा सिरोही को उम्मीदवार बनाया है, जबकि देवरिया सीट पर अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया है।
पिछले दिनों चुनाव आयोग ने यूपी की सात सीटों पर विधान सभा उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित किया था। तीन नवंबर को मतदान होगा और दस नवंबर को मतगना और परिणाम घोषित किया जाएगा। विधान सभा उप चुनाव को लेकर भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने यूपी में सात में से छह सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं। इनमें टूंडला से प्रेमपाल धनगर, बांगरमऊ से श्रीकांत कटियार, घाटमपुर से उपेंद्र पासवान, मल्हानी से मनोज सिंह उम्मीदवार बनाए हैं।
यूपी के पूर्व मंत्री स्वर्गीय चेतन चौहान की पत्नी संगीता चौहान को अमरोहा की नौगांव सादात से उम्मीदवार बनाया गया है। संगीता चौहान दिल्ली विश्वविद्यालय से बीए ऑनर्स, एलएलबी की डिग्री लेने के बाद कई बैंकों में उच्च पदों पर नौकरी कर चुकी हैं। पति की राजनीतिक विरासत आगे बढ़ाते हुए अब वह सक्रिय सियासत की पारी शुरू कर रही हैं। बुलंदशहर सदर से पूर्व विधायक स्वर्गीय वीरेंद्र सिंह सिरोही की पत्नी ऊषा सिरोही को उम्मीदवार बनाया गया है। इस सीट पर भाजपा ने अपनी तैयारी भी शुरू कर दी है। पिछले दिनों यूपी के परिवहन मंत्री अशोक कटारिया ने बुलंदशहर के कई गांवों का दौरा किया था और केंद्रीय व प्रदेश सरकार के कार्यों को लोगों के बीच पहुंचाए थे।