मेरठ। शुक्रवार को नगर निगम में शर्मनाक तस्वीर देखने को मिली। जब भारतीय जनता युवा मोर्चा ने गुंडागर्दी की सारे हदें तोड़ दीं। भाजयुमो ने सहायक नगर आयुक्त के साथ हाथापाई करते हुए बंधक बना लिया। इसके बाद इस घटना के विरोध में नगर निगम कर्मचारी लामबंद हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान भाजयुमो और कर्मचारियों के बीच खूब हंगामा हुआ और मारपीट शुरू हो गई। कर्मचारियों ने भाजयुमो कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। भागकर भाजयुमो कार्यकर्ता नगर निगम कार्यालय के सामने स्थित देहली गेट थाने पहुंच गए। इनके पीछे-पीछे कर्मचारी भी पहुंच गए। यहां भी दोनों पक्षों में जमकर हंगामा हुआ।
यह भी पढ़ें: Meerut: मामूली विवाद में दो पक्षों के बीच संघर्ष, जमकर हुई फायरिंग, 12 लोग घायल, फोर्स तैनात
शुक्रवार को भाजयुमो कार्यकर्ता गौवंश मामले में सहायक नगर आयुक्त के कार्यालय पहुंचे थे। भाजयुमो कार्यकर्ता उन पर दबाव बनाकर मनमाफिक काम करवाना चाहते थे। जब सहायक नगर आयुक्त ने उनकी बात मानने से मना कर दिया तो भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। इसके बाद भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सहायक नगर आयुक्त को बंधक बना लिया। इसकी सूचना जैसी ही नगर निगम कर्मचारियों को लगी तो वे वहां एकत्र हो गए। उन्होंने भाजयुमो कार्यकर्ताओं का ललकारा और जमकर नारेबाजी की। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। नगर निगम के कर्मचारियों के सामने भाजयुमो की संख्या कम होने के कारण कर्मचारियों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। वे भागते-भागते देहली गेट थाने पहुंचे, पीछे-पीछे कर्मचारी भी पहुंच गए। इसके बाद वहां जमकर हंगामा हुआ। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। इस घटना की सूचना पुलिस अफसरों को भी दी गई। समझौता कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: West UP में कृषि विधेयक के खिलाफ किसानों की हुंकार, चक्का जाम ने थाम दिया सबकुछ